Tuesday, October 20th, 2026

अलवर: दीनू खां को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला, खेत में बनी झोपड़ी से बरामद हुआ शव

अलवर
राजस्थान के अलवर जिले से एक बार फिर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि यहां एक बार फिर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या (Murder) कर दी गई। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक ने बाथरूम में सुसाइड किया है। उसे चोर समझकर बाथरूम में बंद कर दिया गया था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले 2017 में अलवर में ही पहलू खान को गौ तस्करी के आरोप में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। यह केस काफी चर्चा में रहा था। 2017 को हरियाणा के नूंह मेवात जिले के निवासी पहलू खान जयपुर से दो गाय खरीद कर अपने घर ले जा रहे थे। शाम करीब सात बजे बहरोड़ पुलिया से आगे निकलने पर भीड़ ने पिकअप गाड़ी को रुकवा कर पहलू खान और उसके बेटों के साथ मारपीट की थी। इलाज के दौरान उसकी अस्पताल में मौत हो गई थी।

चोर समझकर की गई पिटाई
मिली जानकारी के मुताबिक, मामला हरसोरा थाना क्षेत्र का है। मृतक दीनू खां मातोर का निवासी है और हरसौरा में खेती का काम करता है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात दीनू खां गांव में गया था। तभी ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर जमकर उसके साथ मारपीट की। जिससे उसकी मौत हो गई। हरसौरा से एसएसचो सत्यनारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि हरसौरा में एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत हुई है। व्यक्ति का शव झोपड़ी से बरामद किया गया है। शव के ऊपर रजाई डली हुई थी। आशंका है कि उसकी हत्या हुई है।

'शव को झोपड़ी में लिटाकर रजाई ओढ़ा दी'
सत्यनारायण ने बताया कि घटना को लेकर गांव वालों से पूछताछ की गई। पूछताछ में ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने चोर समझकर दीनू खां को बाथरूम में बंद कर दिया था। जिसके बाद वो उसे बेहोशी की हालत में झोपड़ी में ले आए। लेकिन पुलिस को शक है कि ग्रामीणों की पिटाई से दीनू खां की मौत हो गई, जिसके बाद मृतक के शव को खेत में बनी झोपड़ी में लिटा कर रजाई ओढ़ा दी गई। जिससे नेचुरल डेथ लगे। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। मौक पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया।
 

 

#अलवर

Source : Agency

पाठको की राय